नसीमखान
सांची ,,नगर परिषद कार्यालय में वर्षों से संचालित आधार कार्ड पंजीयन केंद्र को हाल ही में प्रशासन द्वारा रायसेन स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व में सांची में ही आधार से संबंधित सभी कार्य सहज रूप से निपटा लिए जाते थे। लेकिन अब आधार केंद्र के रायसेन स्थानांतरित होने से आमजन, खासकर मजदूर वर्ग, को आर्थिक व मानसिक दोनों ही तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि आधार अपडेट जैसे जरूरी कार्यों के लिए अब उन्हें रायसेन जाना पड़ेगा, जिससे एक ओर जहां आने-जाने में खर्च बढ़ेगा, वहीं समय की भी बर्बादी होगी। मजदूरी करने वाले लोग इस चक्कर में अपनी दिनभर की कमाई गंवा बैठते हैं।
सांची नगर परिषद कार्यालय में जहां अभी भी केवाईसी सुविधा चालू है, वहीं नागरिकों को केवाईसी के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता है। ऐसे में आधार केंद्र की अनुपलब्धता ने उनकी समस्याओं को और बढ़ा दिया है।
नागरिकों का कहना है कि यह समझ से परे है कि जब नगर परिषद कार्यालय में आधार कार्यों की सुविधा पहले से उपलब्ध थी और लोग इसका लाभ ले रहे थे, तब इसे रायसेन क्यों भेजा गया? अब उन्हें किसी साधारण अपडेट के लिए भी दिनभर की भागदौड़ करनी पड़ रही है, और यह जरूरी नहीं कि काम एक ही दिन में निपट जाए।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से नागरिकों ने मांग की है कि सांची में पुनः आधार पंजीयन केंद्र की स्थापना की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके ।एवं पुनः आधार केंद्र को सांची मे ही व्यवस्थित करने व्यवस्था जुटाने की जरुरत मेहसूस हो रही है।






