नसीमखान
सांची। नगर को रोशन रखने की जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी ने संभाल रखी है। इन दिनों लगातार बढ़ते तापमान के बीच कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।
नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों में इन दिनों पारा 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। इस भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लोग अपने स्तर पर गर्मी से राहत पाने की कोशिशों में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर बढ़ते तापमान का असर विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।
अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की केबलें बार-बार ओवरहीट होकर फॉल्ट कर रही हैं, जिससे नगर में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विद्युत मंडल के अधिकारी व कर्मचारी रात-दिन मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।
इस समस्या के कारण जहां आमजन को गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है, क्योंकि कई क्षेत्रों में मोटरें और पंप बिजली न होने से काम नहीं कर पा रहे हैं।
इस संबंध में जेई मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि, “तेज गर्मी के चलते बिजली की केवलें अधिक गर्म हो रही हैं जिससे बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रहे। मरम्मत कार्यों के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। हालांकि तकनीकी समस्याओं को हल करने में थोड़ा समय जरूर लगता है। हम उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हैं ताकि व्यवस्था शीघ्र ही सुचारू की जा सके।”






