नसीमखान
सांची,,आज़ादी के अमृत महोत्सव की उमंग और देशभक्ति के रंगों से सराबोर तिरंगा यात्रा आज विदिशा से रवाना होकर सांची पहुंची, जहां इसका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत हुआ।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदिशा विधायक मुकेश टंडन, सांची विधायक डॉ. प्रभूराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित हजारों की संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आमजन शामिल रहे।
नगर में जगह-जगह लोगों ने फूलमालाओं से अतिथियों का स्वागत किया, तो कई स्थानों पर यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
यह यात्रा विदिशा से रायसेन की ओर अग्रसर थी, लेकिन मार्ग में आसपास के गांवों ने भी उत्साहपूर्वक स्वागत कर देशभक्ति की मिसाल पेश की।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। यात्रा में स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया गया, साथ ही हर घर तिरंगा फहराने की अपील की गई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास से मनाना रहा।
इस अवसर पर स्कूलों के बच्चों और नन्हें-मुन्नों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चों को आशीर्वाद व स्नेह प्रदान किया।
यात्रा के दौरान कई स्थानों पर महिलाओं और युवतियों ने अपने ‘मामा’ शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की अनूठी छटा बिखेरी। रिमझिम बौछार के बीच यह यात्रा अपने गंतव्य की ओर आगे बढती चली गई ।






