नसीमखान सांची, रायसेन
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने किए जा रहे कार्यो और गतिविधियों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा तथा पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता द्वारा गत बैठक के पालन प्रतिवेदन अनुसार की गई कार्यवाही और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं को रोकने किए जा रहे कार्यो की भी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्री वाहनों और स्कूल बस की जांच करने तथा नियमानुसार सुरक्षा मापदण्डों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल, चिकित्सालय सहित अन्य स्थलों के समीप सड़कों पर कैट आई, विभिन्न संकेतक चिन्ह या साइन बोर्ड, रैलिंग लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में स्कूल, कॉलजों तथा सार्वजनिक स्थलों पर भी यातायात नियमों तथा सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित किए जाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा तथा पुलिस अधीक्षक श्री गुप्ता द्वारा हिट एण्ड रन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने तथा गंभीर रूप से घायलों के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए सहायता राशि स्वीकृत की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार, यातायात प्रभारी लता मालवीय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





