नसीम खान सांची
सांची,,ऐतिहासिक नगरी सांची में मुस्लिम समुदाय के विशेष पर्व ईदुज्जुहा को लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार ईदुज्जुहा की नमाज गुरुवार सुबह 7:45 बजे नगर की एकमात्र मस्जिद में अदा की जाएगी, जहां मुस्लिम समाज के लोग नए परिधानों में पहुंचकर नमाज अदा करेंगे। नमाज में बुजुर्गों के साथ युवा एवं छोटे-छोटे बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी अपने दलबल सहित मौके पर मौजूद रहेंगे। वहीं नगर परिषद प्रशासन द्वारा पेयजल, साफ-सफाई एवं बिजली व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई है ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बताया जा रहा है कि ईदुज्जुहा को लेकर बकरों की खरीद-फरोख्त पहले ही पूरी हो चुकी है तथा लोग अपने घरों पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार कुर्बानी की रस्म अदा करेंगे। मुस्लिम समुदाय में कुर्बानी का महत्व बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है इसी कारण मुस्लिम समुदाय के लोग अल्लाह की राह में कुर्बानी करते है तथा कुर्बानी करने के उपरांत इसके हिस्से गरीबों में बांटे जाते है इस विशेष पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखा जा रहा है तथा बाजारों में भी चहल-पहल बनी हुई है।
ईदुज्जुहा का पर्व आपसी भाईचारे, त्याग और मानवता का संदेश देने वाला माना जाता है, जिसे लेकर नगर में उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना हुआ है।





