नसीम खान
सांची,,,,
विश्व ऐतिहासिक नगरी सांची में इन दिनों इंटरनेट और नेटवर्किंग सेवा बुरी तरह गड़बड़ाई हुई है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि सांची विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। पर्यटक यहां से अपने परिजनों से संपर्क करते हैं। वहीं वर्तमान में सरकार ने अपनी तमाम व्यवस्थाओं और योजनाओं को ऑनलाइन नेटवर्किंग सेवा से जोड़ दिया है। बैंकिंग सेवा से लेकर शासकीय योजनाएं तक अब इंटरनेट पर निर्भर हैं। ऐसे में नेटवर्किंग व्यवस्था आज मनुष्य के जीवन की एक मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है।
परंतु सेवा प्रदाता कंपनियां इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही हैं। कंपनियां उपभोक्ताओं से अपनी निर्धारित राशि तो समय पर वसूल कर लेती हैं, लेकिन सेवा के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। नेटवर्क के चरमराते ही लोगों का आपस में संपर्क टूट जाता है। पर्यटक परेशान होते हैं, तो वहीं दूसरी ओर बैंकिंग व्यवस्था और सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी ठप्प पड़ जाता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शासन-प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित नेटवर्किंग कंपनियों पर अंकुश लगाना चाहिए और निर्बाध इंटरनेट सेवा सुनिश्चित करनी चाहिए।





