नसीम खान
सांची,,,जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं बौद्ध तीर्थ स्थल सांची में आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले सांची महोत्सव की तैयारियों की भोपाल संभागायुक्त श्री करमवीर शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया रायसेन कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से बैठक में शामिल हुए और महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि सांची सोलर सिटी है और महोत्सव के माध्यम से सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचना चाहिए। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही कई देशों से बौद्ध धर्मावलम्बी और पर्यटक शामिल होंगे, इसलिए आयोजन हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर की गरिमा के अनुरूप तैयारियां की जाएं।
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने संभागायुक्त को अवगत कराया कि सांची महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जीरो वेस्ट मैनेजमेंट की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें कचरे के प्रभावी प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संभागायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महोत्सव का आयोजन भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित हो। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के आगमन पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने महोत्सव के दौरान आपातकालीन चिकित्सा एवं त्वरित उपचार व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डायवर्सन रूट, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा महोत्सव को यादगार बनाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






