नसीम खान
सांची,,, देवउठनी एकादशी, जिसे ग्रामीण अंचल में ग्यारस के नाम से जाना जाता है, का पर्व गुरुवार को सांची में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के बाजार में गन्ने की जमकर बिक्री हुई। हर आदमी के हाथ में गन्ना दिखाई दिया।मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं और इसी दिन से सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं। इसी दिन तुलसी विवाह का भी विशेष महत्व है। पूजा में गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण ग्यारस पर गन्ने की पूजा कर उसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है।
इसी मान्यता के चलते सुबह से ही गन्ना बेचने वाले किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में गन्ना भरकर सांची के बाजार में पहुंच गए। मुख्य बाजार, बस स्टैंड और चौराहों पर गन्ने की ट्रालियां लगी रहीं। किसानों ने बताया कि इस बार गन्ने की आवक अच्छी रही और सुबह ही अधिकांश गन्ना बिक गया।
बाजार में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी गन्ना खरीदते नजर आए। महिलाओं ने पूजा के लिए गन्ना, बेर, सीताफल और अन्य पूजन सामग्री खरीदी। दिनभर बाजार में चहल-पहल बनी रही।
पर्व को लेकर मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।






