नसीम खान
सांची,,,सांची थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। काछीकानाखेड़ा में दो लोगों की मौत के बाद उपजे आक्रोश और चक्काजाम का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार शाम लगभग सात बजे ग्राम आमखेड़ा में एक और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजपूत ढाबे के पास तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात काछीकानाखेड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को सांची चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। लंबे समय तक चले जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पीड़ित परिवार और प्रशासन के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी होती रही। आखिरकार पुलिस को बलपूर्वक चक्काजाम खुलवाना पड़ा। वहीं एसडीएम मनीष शर्मा द्वारा पीड़ित परिवार को आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
इस घटना की चर्चा और तनाव अभी थमा भी नहीं था कि गुरुवार शाम आमखेड़ा में एक और सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर दिया। बोलेरो की टक्कर से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब थमेगी सड़कों पर मौत बनकर दौड़ते वाहनों की रफ्तार और कब जिम्मेदार व्यवस्थाएं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगी?






