नसीम खान
सांची,,,शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व को लेकर नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बनने लगा है। रविवार से नगर के विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान होंगी। अधिकांश दुर्गा पंडाल तैयार हो चुके हैं, जबकि प्रतिमाओं को लाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मां दुर्गा के जयकारों के साथ नगर में भक्ति और आस्था का वातावरण दिखाई देने लगा है। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी, जहां नौ दिनों तक श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
नौ दिनों तक होगी नवदुर्गा की आराधना
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व है। पहले दिन मां शैलपुत्री, दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन मां चंद्रघंटा, चौथे दिन मां कूष्मांडा, पांचवें दिन मां स्कंदमाता, छठवें दिन मां कात्यायनी, सातवें दिन मां कालरात्रि, आठवें दिन मां महागौरी और नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है। श्रद्धालु अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार व्रत रखते हैं, पूजा-पाठ करते हैं तथा दुर्गा सप्तशती का पाठ कर माता रानी से आशीर्वाद मांगते हैं।
अष्टमी-नवमी पर होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का क्रम चलेगा। अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन करते हैं और भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। नवरात्रि का पर्व शक्ति, श्रद्धा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। इसके बाद विजयादशमी पर दशहरा पर्व मनाया जाएगा।
नगर में तैयार हो रहे दुर्गा पंडालों और सजाई जा रही झांकियों से आगामी दिनों में धार्मिक उत्सव की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालु नौ दिनों तक भक्ति में लीन रहेंगे।





