नसीम खान
सांची,,,समीपस्थ ग्राम उचेर से सूखा करार तक स्वीकृत सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने आपत्ति दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के महाप्रबंधक को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर स्कूल के समीप से सड़क निर्माण नहीं कराते हुए नहर वाले मार्ग से सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सांची से करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत उचेर से सूखा करार तक करीब एक किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति हुई है। सड़क निर्माण के लिए ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव भी दिया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित मार्ग शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप से होकर गुजरता है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं का आवागमन रहता है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि विद्यालय के पास से सड़क बनने के बाद बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ सकती है। साथ ही तेज रफ्तार वाहनों के आवागमन से स्कूली बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बना रहेगा। ग्रामीणों ने आवेदन में वर्तमान कच्चे मार्ग पर पूर्व में हुई दुर्घटनाओं का भी उल्लेख किया है। वहीं हाल ही में ग्राम पंचायत कार्यालय के पास से एक युवक के कथित अपहरण की घटना का हवाला देते हुए भी ग्रामीणों ने सुरक्षा संबंधी चिंता जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण स्कूल के पास से कराने के बजाय नहर वाले सूखा करार पहुंच मार्ग से कराया जाए। उनका तर्क है कि इस मार्ग से सड़क बनने पर चिरोली, सरचंपा, सिलवाह, बांसखेड़ा, सुगनाखेड़ी सहित आसपास के अन्य गांवों के लोगों को भी आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस मामले में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से भी अलग आवेदन दिया गया है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन की एक प्रति क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी को भी सौंपी गई है।
इनका कहना है
उचेर से सूखा करार तक एक किलोमीटर सड़क की स्वीकृति हो चुकी है और इसकी सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। इस सड़क के निर्माण से आसपास के कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। शासन द्वारा इसी सड़क के लिए राशि आवंटित की गई है। नहर वाले मार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पड़ती है। फिर भी भविष्य में उस मार्ग की स्वीकृति के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि वहां भी सड़क का निर्माण कराया जा सके।
अरविंद सिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत उचेर





