नसीम खान
रायसेन,
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने शनिवार को दाहोद में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत निर्मित पॉण्ड बायोफ्लॉक इकाई का अवलोकन कर मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीक एवं उत्पादन संबंधी जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र दाहोद का निरीक्षण किया। यहां विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए मत्स्य बीज उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में संवाद किया।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में मत्स्य बीज उत्पादन, संवर्धन एवं प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने दाहोद जलाशय में स्थापित केज का भी निरीक्षण किया तथा केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन की गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने दाहोद जलाशय में मत्स्य बीज का संचयन किया। उन्होंने मत्स्य पालन की संभावनाओं को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन में वृद्धि के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान सहायक संचालक मत्स्य श्री धर्मेन्द्र सिंह परमार ने विभागीय योजनाओं एवं मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।





