नसीम खान
सांची,,, इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कभी तेज बारिश की बौछारें तो कभी अचानक निकली तेज धूप से लोग बैचेन हो उठे हैं। उमस और गर्मी भरे इस दोहरे मौसम ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है।
सुबह से दोपहर तक तेज धूप और उमस, तो शाम होते ही झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाता है। इस बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
स्थानीय अस्पताल और निजी क्लीनिकों में मरीजों की कतारें देखी जा रही हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम की चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार यह मौसम वायरल संक्रमण के लिए सबसे अनुकूल होता है।
नगरवासियों ने बताया कि उमस के कारण दिन में घर के अंदर रहना भी मुश्किल हो रहा है, तो बारिश के बाद जगह-जगह कीचड़ और मच्छरों की भरमार से परेशानी और बढ़ जाती है।
चिकित्सकों ने लोगों को इस मौसम में सावधानी बरतने, साफ-सुथरा पानी पीने, बाहर के खाने से बचने और मच्छरों से बचाव की सलाह दी है।





