नसीम खान सांची
रायसेन,
अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय ने आज जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके अटेंडरों से संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही सिविल सर्जन तथा चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा अधिकारियों को शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की सतत निगरानी, व्यवस्थाओं में सुधार तथा आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।





