नसीमखान सांची
सांची,, पिछले कई दिनों से सूर्य की तेज तपिश के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा था, जिससे नगर सहित आसपास के क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा था। गर्मी और उमस से लोग परेशान हो उठे थे।
रविवार सुबह से ही मौसम के तेवर बदले हुए नजर आए और वातावरण में हल्की ठंडक महसूस होने लगी। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादलों ने डेरा जमा लिया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारों का दौर शुरू हुआ। हालांकि बारिश अधिक समय तक नहीं चली, लेकिन बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम सुहाना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और नगर के बाजारों में भी रौनक लौटती दिखाई दी। लोग घरों से बाहर निकलकर बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए।
मौसम के इस बदलाव को आने वाले मानसून की आहट के रूप में भी देखा जा रहा है। किसानों के चेहरों पर भी राहत दिखाई दी और उन्होंने खरीफ सीजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। धान सहित अन्य फसलों की तैयारी को लेकर खेतों में किसानों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।
हालांकि सांची क्षेत्र में तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन आसपास के रायसेन और विदिशा क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की जानकारी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में मानसून की सक्रियता के संकेत मिल रहे हैं।
बादलों की दस्तक और हल्की बौछारों ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत देकर मौसम को नई ताजगी से भर दिया।






