नसीम खान
सांची,,, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत ऐतिहासिक नगरी सांची इन दिनों तिरंगे के रंग में रंगी नजर आ रही है। नगर के अधिकांश घरों पर राष्ट्रीय ध्वज शान से लहरा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए हाल ही में नगर में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई थी, जिसके बाद नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह और अधिक देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में नगर के पूर्व पार्षद रतलाल जायसवाल ने भी अपने घर पर परिवार एवं साथियों के साथ ससम्मान ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। लंबे समय से पैर के उपचार के चलते असहाय होने के बावजूद उनका देशभक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ। सहारे के बल खड़े होकर उन्होंने ध्वजारोहण किया और यह संदेश दिया कि राष्ट्रभक्ति के आगे शारीरिक असमर्थता भी आड़े नहीं आ सकती।
उनका यह जज्बा नगरवासियों के लिए देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल बन गया।





