नसीम खान
रायसेन
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में गुरूवार को जिला उपार्जन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें उन्होंने गत बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन की समीक्षा की। साथ ही नज़दीकी जिलो से धान के अवैध परिवहन को रोकने हेतु ज़िले के सीमा मार्गों पर जाँच नाके स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने उपार्जन समिति के प्रबंधक, ऑपरेटर्स एवं सर्वेयर को प्रशिक्षण एवं आवश्यक निर्देश देने हेतु बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विक्रेता किसानों द्वारा उपज मण्डी एवं उपार्जन केंद्रों पर डुप्लिकेट विक्रय/डुप्लिकेसी को रोकने हेतु आवश्यक योजना बनाने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार खण्ड अनिविभागीय अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में गोदामों का सत्यापन करने एवं आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेने हेतु आदेशित किया गया। बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक एमपीएससीएससी, उपायुक्त सहकारिता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जीएमसीसीव्ही), जिला विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक एमपीडब्ल्यूएलसी, नोडल मण्डी सचिव रायसेन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





