नसीम खान
सांची,,, नगर में गणेशोत्सव पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। शुक्रवार को गणेशोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न स्थानों पर विराजित भगवान गणपति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान नगर में दिनभर धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा।
नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान गणपति की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, आरती और महाआरती में भाग लिया। अनेक स्थानों पर सुंदरकांड के पाठ भी आयोजित किए गए। वहीं छोटे बच्चों ने भी भगवान गणपति की छोटी-छोटी प्रतिमाएं स्थापित कर सजावट की और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। अनेक घरों में भी भगवान गणपति को विराजमान किया गया था।
गणेशोत्सव के अंतिम दिन नगर परिषद प्रशासन द्वारा निर्धारित कुंड पर भगवान गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रतिमाओं को विदाई देने के लिए श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हुए। बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच निकली विसर्जन यात्राओं में श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाते नजर आए।
भगवान गणपति की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी दिखाई दी। पूरे नगर में गणपति विसर्जन का नजारा श्रद्धा और उल्लास से भरा रहा तथा देर तक गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे।





