नसीम खान
सांची,,, ग्राम काछीकानाखेड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से जीजा-साले की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह दोनों मृतकों के शव सांची के प्रमुख चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। आठ घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार समझाइश के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो आखिरकार पुलिस को सख्ती बरतते हुए चक्काजाम समाप्त कराना पड़ा।
रात में हुआ दर्दनाक हादसा, सुबह चौराहे पर रखे शव
जानकारी के अनुसार ग्राम काछीकानाखेड़ा में बुधवार रात लगभग साढ़े नौ बजे एक अज्ञात वाहन ने जीजा-साले को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि हादसे में एक मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया था। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे आक्रोशित ग्रामीण दोनों के शव लेकर सांची के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और उन्हें सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अधिकारियों की समझाइश भी नहीं आई काम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांची, सलामतपुर और रायसेन से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। ग्रामीण पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए विधायक और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह ने भी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अडिग रहे।
इसके बाद एसडीएम मनीष शर्मा चक्काजाम स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने अज्ञात वाहन और उसके चालक की शीघ्र तलाश कर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को शासन की योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद ग्रामीण कलेक्टर और विधायक को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे। इस दौरान एसडीएम और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। एसडीएम लगभग तीन घंटे तक मौके पर खड़े रहकर ग्रामीणों को समझाते रहे। प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन देने का प्रयास भी किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हुए।
आखिरकार पुलिस ने अपनाया सख्त रुख
लगातार बढ़ते गतिरोध और यातायात बाधित होने के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। रायसेन, सलामतपुर और सांची से महिला पुलिस बल भी बुलाया गया, क्योंकि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू किया तथा कुछ आंदोलनकारियों को पकड़कर थाने पहुंचाया गया। इस कार्रवाई के बाद एसडीएम मनीष शर्मा ने पीड़ित परिवारों को लिखित आश्वासन दिया कि शासन की योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही एक सप्ताह के भीतर आर्थिक सहयोग दिलाने का भी आश्वासन दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू
एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही वाहन और उसके आरोपी चालक की पहचान कर गिरफ्तारी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा मृतकों के बच्चों की शिक्षा का इंतजाम कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
प्रशासन की समझाइश और कार्रवाई के बाद आखिरकार आठ घंटे से अधिक समय से चला आ रहा चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराया गया तथा दोनों शवों को पीएम हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।





