नसीम खान
सांची,,,धर्म और आस्था के प्रतीक गणेशोत्सव के शुभारंभ के साथ ही त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार शाम को सांची नगर सहित ग्रामीण अंचलों में पुलिस द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें आमजन को शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।
गणेशोत्सव की धार्मिक मान्यता और महत्व सनातन धर्म में भगवान श्री गणेश जी को प्रथम पूज्य देव कहा गया है। किसी भी शुभ कार्य से पहले श्री गणेश की पूजा अनिवार्य मानी जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र के रूप में श्री गणेश जी का जन्म हुआ था। इसलिए इस दिन को गणेश चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है।
मान्यता है कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं, वे अपने भक्तों के सभी कष्टों को हर लेते हैं और घर में रिद्धि-सिद्धि, सुख-समृद्धि लाते हैं। 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान भक्त गणपति बप्पा को अपने घर-पंडालों में विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं और अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन के साथ उनसे अगले बरस जल्दी आने की कामना करते हैं। सांची नगर में भी इस बार जगह-जगह आकर्षक गणेश झांकियां स्थापित की गई हैं।
फ्लैग मार्च से दिया शांति का संदेश – जानकारी के अनुसार गणेशोत्सव के बाद नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। त्योहारों के इस दौर में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस ने कमर कस ली है। रविवार शाम अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह, सांची थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा और सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी के संयुक्त नेतृत्व में सांची थाने से फ्लैग मार्च प्रारंभ हुआ।
यह फ्लैग मार्च नगर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड, वार्ड क्रमांक 1 से 15, गली-मोहल्लों से होते हुए समीपवर्ती ग्राम गुलगांव, कनखेड़ा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचा। पुलिस जवानों की वर्दी और वाहनों के सायरन से पूरे नगर में सुरक्षा का अहसास देखा गया।
अधिकारियों ने की अपील -* इस अवसर पर अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और मिलजुल कर त्योहार मनाएं। सोशल मीडिया पर फैलने वाली छोटी-मोटी बातों और झूठी अफवाहों से सावधान रहें। अफवाह फैलाने और त्योहारों में विघ्न डालने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सांची थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा ने कहा कि त्योहार खुशियां बांटने का नाम है। पुलिस झांकियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, लेकिन झांकी समितियों के सदस्यों को भी अपनी-अपनी झांकियों पर रात में पहरा देना होगा, सीसीटीवी कैमरे लगाना होंगे और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देनी होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से भी शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल से आसामाजिक तत्वों मे भय का माहौल बन होगा फ्लैग मार्च के बाद नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में संतोष देखा गया।





