नसीम खान रायसेन
जिले के नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा गुरूवार को कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभागीय कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान नवागत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने विभिन्न कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण तथा शासकीय कार्यों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यालयों में संपादित किए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही कार्यालयों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नवागत कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यालय में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। नवागत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय भी साथ रहे।





