नसीम खान
रायसेन,
रायसेन स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उनका बच्चों के प्रति आत्मीय और संवेदनशील व्यवहार देखने को मिला। वह विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में सीखने के अनुभवों के बारे में जाना। बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें मन लगाकर पढ़ने, अपनी रुचि और प्रतिभा को निखारने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, उपस्थिति पंजी तथा शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए और उसकी प्रतिभा को विकसित करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। बच्चों की शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता का भी विकास हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।





