नसीम खान
सांची,,,नगर में आगामी त्योहारों दुर्गोत्सव, दशहरा और दीपावली को लेकर बाजार में रौनक तो है, लेकिन नगर परिषद और विद्युत विभाग की तैयारियों की पोल अभी से खुलने लगी है। नगर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर त्योहार से पहले शांति समिति की बैठक में प्रशासन द्वारा सुरक्षा, सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी रहती है। त्योहारों के दौरान बाजार में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वहीं दूसरी ओर त्योहारों पर बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई रहती है। लोगों ने बताया कि दशहरा और दीपावली जैसे मुख्य पर्वों पर भी नगर में अघोषित कटौती होती है। सबसे बदहाल स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग की है, जहां लगी स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं। रात के समय पूरा राजमार्ग अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित नगर की स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारा जाए, ताकि लोग त्योहार शांति और सुरक्षित माहौल में मना सकें।





