नसीम खान
सांची,,, गणेशोत्सव के पावन अवसर पर सांची नगर परिषद ने नगर के सभी धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर परिषद पूरी तरह सक्रिय हो गई है।
नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने आज सुबह सांची के प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर, मस्जिद, गणेश पंडालों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है, इसलिए वहां साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फूल-माला और पूजन सामग्री को इधर-उधर न फेंक कर निर्धारित स्थान पर डालने की अपील भी की गई है।
नगर परिषद सीएमओ रामलाल कुशवाहा ने बताया कि “धार्मिक स्थलों के आसपास दो टाइम सफाई करवाई जा रही है। जगह-जगह डस्टबिन रखे गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील है कि पॉलीथिन का उपयोग न करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।”
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता से ही नगर की पवित्रता बनी रहती है।





