नसीम खान
सांची, ,,रायसेन। जैन धर्म के पर्वाधिराज पर्यूषण महापर्व के अवसर पर सांची के श्री 1008 शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर को फूलों और दीपों से आकर्षक रूप से सजाया गया है।
मंदिर परिसर में भगवान महावीर की श्वेत संगमरमर की प्रतिमा पर फूल मालाओं से श्रृंगार किया गया है। सुबह से ही मंदिर में अहिंसा परमो धर्म का जयघोष गूंज रहा है। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजा अर्चना की जा रही है।
जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पर्व आत्मशुद्धि और क्षमापना का पर्व है। 10 दिनों तक चलने वाले इस दशलक्षण पर्व में उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव सहित दस धर्मों की आराधना की जाएगी। इस दौरान जैन समाज के लोग उपवास, स्वाध्याय और प्रवचन में लीन रहेंगे।
मंदिर में प्रतिदिन शाम को आरती और शास्त्र प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जैन धर्म के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला जाएगा।





