नसीमखान
सांची,,नगर में मंगलवार को गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। त्योहारों का आगाज़ होते ही बाजारों में भारी रौनक नजर आई। लोग बड़ी संख्या में घरों से निकलकर पूजन सामग्री एवं दैनिक उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।
गणेश उत्सव के साथ-साथ महिलाओं के व्रत-उपवास के छोटे-छोटे पर्व भी निरंतर चलते रहने से बाजार में चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए अपनी-अपनी दुकानों को सजा लिया है।
बुधवार को गणेश चतुर्थी के साथ गणपति उत्सव की शुरुआत होगी। घर-घर एवं मोहल्लों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित होंगी तथा आकर्षक झांकियां भी सजाई जाएंगी। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अनेक झाकियों मे धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते है।
धार्मिक मान्यता है कि विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की पूजा-आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है। गणपति जी को प्रथम पूज्य देव माना गया है, जिनकी आराधना के बिना कोई भी शुभ कार्य पूर्ण नहीं माना जाता। इसी कारण गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी आस्था और भक्ति भाव से गणेश प्रतिमा की स्थापना करते हैं और दस दिनों तक विशेष पूजन-अर्चन कर उत्सव मनाते हैं।
बाजार में उमड़ी भीड़ और भक्तिमय वातावरण से व्यापारी वर्ग के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं। नगर का वातावरण गणेशमय हो चुका है।






