नसीमखान
सांची,,आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव पर्व को लेकर आज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त तहसीलदार ललित सक्सेना ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक में अतिरिक्त तहसीलदार श्री सक्सेना ने कहा कि नवरात्रि माँ दुर्गा की आराधना और भक्ति का पावन पर्व है। इसे सभी नगरवासी श्रद्धा, भक्ति और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएँ। उन्होंने अपील की कि यह पर्व नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करने का अवसर है।
थाना प्रभारी श्री त्रिपाठी ने कहा कि माँ दुर्गा की साधना हमें आपसी भाईचारे और मेलजोल का संदेश देती है। इसलिए त्योहार मिलजुलकर मनाएँ और किसी भी तरह की अफवाहों से सावधान रहें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि छोटी-सी भी शांति भंग करने वाली गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा पंडालों में उचित विद्युत व्यवस्था का ध्यान रखा जाए, पंडालों के आसपास स्वच्छता और सुरक्षा बनी रहे तथा पशुओं को पंडालों से दूर रखा जाए। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री राजपूत ने बताया कि सभी दुर्गा पंडालों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि माँ दुर्गा की आराधना के इस पावन अवसर को श्रद्धा, शांति और सामूहिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा ताकि सांची नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊँचाइयाँ मिल सकें।






