नसीमखान सांची
सांची,, ऐतिहासिक नगरी सांची में नवरात्रि के अंतिम दिन मां दुर्गा के दर्शन के लिए नगर सहित ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नौ दिनों तक भक्तों ने मां दुर्गा के नौ रूपों की कठिन साधना कर उपवास रखे और झांकी पंडालों में महाआरती के आयोजनों में शामिल हुए।
रामलीला झांकी में आयोजित महागंगा आरती ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। पूरे नगर का वातावरण इन दिनों दुर्गामय बना रहा। झांकी समितियों ने रंग-बिरंगी रोशनी से पंडालों को सजाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। परंपरागत मान्यताओं के अनुसार अष्टमी और नवमी की पूजा-अर्चना भी विधिवत संपन्न हुई।
अंतिम दिन रातभर देवी जागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी के साथ तांत्रिक साधना का दौर भी चलेगा। गुरुवार को नगर में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जिसके लिए हिंदू उत्सव समिति और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैद है। बुधवार रात नगर में फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी गई। सारे नगर में पुलिस के फ्लेग मार्च के सायरन सुनाई दिये। जिससे आपराधिक तत्वों सतर्क हो उठे। वहीं, प्रशासन ने स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है।






