नसीमखान सांची
सांची। महात्मा गांधी जयंती और दशहरे पर शासन-प्रशासन की ओर से शराब बिक्री पर प्रतिबंध के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन इसका असर नगर में दिखाई नहीं दिया। शराब माफियाओं ने प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम शराब बिक्री का खेल जारी रखा, जिससे संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
इसी क्रम में दो अक्टूबर को नगर स्थित होटल शिखर ग्रीन पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। यहां होटल संचालक गोलू अवैध रूप से शराब बेचते पाया गया। पुलिस ने मौके से एक पेटी शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी ने बताया कि सूचना पर की गई कार्रवाई में होटल संचालक अवैध रूप से शराब बेचते पकड़ा गया। प्रतिबंध के बावजूद शराब बिक्री का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इधर, आबकारी विभाग ने भी इस प्रकरण में अलग से कार्रवाई की है। बावजूद इसके शराब माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने से नहीं हिचकतेहैं ।






