नसीमखान सांची, रायसेन
टीएल बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने की विभागीय गतिविधियों तथा सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा
रायसेन
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने जिले में भावांतर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सोयाबीन उत्पादक किसानों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ गहन चर्चा करते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने जिले में भावांतर योजना के तहत अभी तक हुए किसान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि अभी तक जिले में 4528 सोयाबीन उत्पादक किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है, इसके पूर्व जिले में सभी सोयाबीन उत्पादक किसानों के पंजीयन सुनिश्चित कराए जाएं। साथ ही सभी एसडीएम और अधिकारियों को किसान संगठनों से सतत् संवाद करने के लिए भी निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया और निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। भावांतर योजना सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण स्तर तक इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पंजीयन केंद्रों पर किसानों को समुचित सहयोग मिले और योजना से जुड़ी सभी जानकारी पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, किसानों को मंडियों में उपज विक्रय के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी तत्परता से कार्य करे।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिले में उद्यानिकी फसलों, जैविक खेती, दुग्ध उत्पादन, राइज कलस्टर, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, मत्स्य पालन आदि क्षेत्रों में बेहतर काम किया जा सकता है। इसके लिए सभी अधिकारी कार्ययोजना बनाएं तथा इसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को भी जोड़ें। उन्होंने सहायक संचालक उद्यानिकी से कहा कि जिले में उद्यानिकी फसलों के रकबे और उत्पादकता को बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाएं। सभी जनपद सीईओ तथा ई आरईएस इसमें समन्वय करें। साथ ही उद्यानिकी फसलों हेतु स्टोरेज स्थापित करने और टमाटर आधारित फूड प्रोसेसिंग यूनिटों की स्थापना के लिए भी कार्ययोजना बनाते हुए काम करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने रायसेन, गौहरगंज, बरेली सहित अन्य क्षेत्रों में सब्जी की खेती कलस्टर विकसित करने और गौहरगंज तथा रायसेन क्षेत्र में फूलों की खेती को बढ़ावा देने हेतु प्राथमिकता से कार्य करने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में धान उत्पादन की जानकारी लेते हुए कृषि अधिकारियों तथा जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों से कहा कि राइस के क्षेत्र में बेहतर काम करने की जरूरत है। राइस उत्पादकता बढ़ाने तथा निर्यात बढ़ाने की दिशा में प्रमुखता से काम किए जाएं। राइस उत्पादक किसानों तथा इंडस्ट्रीज के साथ संगोष्ठी आयोजित कराएं जिसमें मिलर्स, किसानों, एनआरएलएम, स्व-सहायता समूहों आदि शामिल करें। उन्होंने कहा कि मिलर्स और किसानों के बीच समन्वय स्थापित कराएं जिससे कि किसान अपनी उपज सीधे उन्हें बेच सकें तथा किसानों को उपज की अधिक से अधिक कीमत मिले।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने धान फसल के अवशेष पराली के उचित प्रबंधन हेतु अभी से कार्य शुरू करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए। उन्होंने कहा कि किसान संगोष्ठियों तथा अन्य माध्यमों से किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए पराली प्रबंधन हेतु हैप्पी सीडर, सुपर सीडर सहित अन्य उपकरणों के उपयोग हेतु प्रेरित किया जाए। साथ ही सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि हार्वेस्टर के साथ पराली प्रबंधन उपकरण हों, यह सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा पराली का उपयोग करने वाले उद्योगों से भी चर्चा करें।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिले में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशलाओं के संचालन की जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों को अपनी कृषि भूमि की मिट्टी की जांच हेतु प्रेरित करें और जांच रिपोर्ट आने पर किसानों को उर्वरकों के उपयोग हेतु परामर्श भी दें। इसी प्रकार जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए खेती की प्रारंभिक स्थिति से उत्पाद के विक्रय तक की कार्ययोजना बनाएं। सभी अनुभागों में कलस्टर विकसित किए जाएं। साथ ही नगरीय निकाय जैविक उत्पादों के विक्रय हेतु बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करें। टीएल बैठक में मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु बॉयो फ्लेक सहित अन्य संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। इसके अतिरिक्त जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए नाबार्ड तथा संबंधित विभागों से समन्वय कर पशुपालन को बढ़ावा दिया जाए। पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिया जाए तथा उन्नत नस्ल के पशुओं, आहार आदि की भी जानकारी दी जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान ईट राइट हेल्थ कैम्पेन चलाने सहित जिले में नागरिकों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमएचओ तथा चिकित्सा अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विभागवार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों तथा निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयावधि में सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सहायक कलेक्टर श्री कुलदीप पटेल, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, सभी एसडीएम और जिला अधिकारी उपस्थित रहे।






