नसीमखान सांची, रायसेन
सांची,,
अखिल भारतीय पंचायत परिषद मध्य प्रदेश सरपंच संघ की बैठक जनपद पंचायत सांची के मीटिंग हॉल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक सेंगर, श्री शरद पाराशर, श्री बद्रीदास बैरागी, श्री अरविंद सिंह (जिला अध्यक्ष, सरपंच संघ रायसेन), ब्लॉक अध्यक्ष श्री कालूराम मीणा तथा श्री नरेश चौधरी, श्री बृजेश जाट, श्री बृजेश नायक, श्री सुप्रियर सिंह राजपूत, श्री महेंद्र मीणा, श्री रमेश अहिरवार, श्री लोकेश अहिरवार, श्री राशिद खान सहित सांची जनपद क्षेत्र के सभी सरपंच उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 11 नवंबर 2025 को प्रदेश व्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। सरपंच संघ ने निर्णय लिया कि पंचायत राज अधिनियम 1992 में सरपंचों को दिए गए अधिकारों की बहाली, सरपंचों के मानदेय में वृद्धि तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर भोपाल में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक सेंगर ने कहा कि “सरपंच गांव का प्रथम नागरिक होता है, लेकिन उसे उसके अधिकारों से वंचित किया गया है। अब समय आ गया है कि पंचायतों को उनका सम्मान और अधिकार वापस मिले। जब तक सरपंच मजबूत नहीं होगा, तब तक ग्राम पंचायत सशक्त नहीं हो सकती।”
सभा में यह भी कहा गया कि “ग्राम पंचायत के सम्मान में सभी सरपंच मैदान में उतरेंगे। ना लोकसभा, ना विधानसभा — सबसे बड़ी है ग्राम सभा।”
कार्यक्रम का समापन सरपंच एकता के नारों के साथ हुआ ।






