नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना बेरोजगार युवाओं के लिए एक मजबूत सहारा है। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण राशि उपलब्ध करा रही है। रायसेन जिले के सांची जनपद के ग्राम गुलगांव निवासी बीरन सिंह राजपूत भी उन हितग्राहियों में शामिल हैं जिनके लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना रोजगार शुरू करने में मददगार साबित हुई है। हितग्राही बीरन बताते हैं कि उन्होंने बीए तक शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षा के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए पूंजी नहीं थी। ऐसे कठिन समय में उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में पता चला और उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में सम्पर्क कर योजना की पूरी जानकारी प्राप्त की और आवेदन प्रक्रिया भी जानीं। विभाग से योजना की जानकारी मिलने के बाद एमपी ऑनलाईन के माध्यम से कम्प्यूटर सेंटर शुरू करने के लिए आवेदन कर दिया। विभाग द्वारा आवेदन बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा रायसेन को भेजा गया। जहां बैंक प्रबंधक द्वारा परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई और दस्तावेज पूर्ण होने पर 09 लाख रू का ऋण स्वीकृत एवं वितरित कर दिया गया। बैंक द्वारा प्राप्त राशि से सलामतपुर में कम्प्यूटर सेंटर स्थापित किया गया है। जिसमें अभ्यर्थियों को बेसिक कम्प्यूटर एमएस ऑफिस, एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, पॉवर प्वाइंट आदि सिखाया जा रहा है। बीरन सिंह द्वारा अपने कम्प्यूटर सेंटर पर दो लोगों को रोजगार भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनका व्यवसाय अच्छा चल रहा है तथा वह नियमित रूप से बैंक की किस्त जमा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत व्यवसाय स्थापित कराने के लिए बीरन सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया है।






