नसीमखान सांची
सांची,,, शासन-प्रशासन द्वारा पॉलीथिन उपयोग पर प्रतिबंध को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए गए, जागरूकता अभियान चलाए गए और बाजारों में छापामार कार्यवाहियों के दावे भी किए गए। बावजूद इसके नगर में खुलेआम पॉलीथिन का उपयोग जारी है। व्यापारी बेखौफ होकर पॉलीथिन थैलियों का प्रयोग कर रहे हैं, यहां तक कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
प्रशासन की उदासीनता के कारण प्रतिबंध सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गया है। न तो नियमित निरीक्षण हो रहे हैं और न ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। परिणामस्वरूप नगर में प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है, वहीं सड़क किनारे घूमने वाले मवेशी पॉलीथिन निगलकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “सरकार और प्रशासन केवल घोषणाएँ कर रहे हैं, ज़मीनी अमल कहीं दिखाई नहीं देता।” वहीं कुछ नागरिकों ने कहा, “यदि प्रशासन सच्ची नीयत से कार्रवाई करे और दुकानदारों को पर्यावरण अनुकूल थैलियाँ उपलब्ध कराए, तभी यह प्रतिबंध सफल हो सकेगा।”
प्रशासन से मांग।
नगरवासियों का मानना है कि नगर परिषद को नियमित रूप से बाजारों में निरीक्षण अभियान चलाना चाहिए तथा पॉलीथिन बेचने और उपयोग करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाना चाहिए। साथ ही दुकानदारों को कपड़े, जूट या कागज़ की थैलियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगर की स्वच्छता भी बनी रहे।
“जब तक नियमों का पालन सख्ती से नहीं कराया जाएगा, तब तक पॉलीथिन पर प्रतिबंध केवल कागज़ों की शोभा बढ़ाता रहेगा।”






