नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
जिले के प्रभारी कलेक्टर श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा द्वारा सांची स्थित स्तूप परिसर पहुंचकर यहां 29 एवं 30 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाले महाबोधि महोत्सव और चेतियागिरी विहार सांची के 73वें वार्षिकोत्सव एवं गौतम बुद्ध के दो प्रधान शिष्यों अरहंत सारिपुत्र और अरहंत महामोग्गलान के पवित्र अस्थि अवशेष दर्शन एवं पूजन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने आयोजनों में आने वाले अतिथियों, पर्यटकों तथा नागरिकों के आगमन-निर्गमन सहित प्रत्येक स्तर की तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, बौद्ध धर्मगुरू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में 29 एवं 30 नवम्बर 2025 को आयोजित चेतियागिरी विहार सांची के 73वें वार्षिकोत्सव एवं गौतम बुद्ध के दो प्रधान शिष्यों अरहंत सारिपुत्र और अरहंत महामोग्गलान के पवित्र अस्थि अवशेष दर्शन एवं पूजन समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा कलाओं में बौद्ध विचार पर एकाग्र दो दिवसीय महाबोधी महोत्सव 29 तथा 30 नवंबर 2025 को बुद्ध जम्बूद्वीप पार्क (पुराना विश्राम भवन परिसर) सांची में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन रायसेन एवं महाबोधी सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से आयोजित समारोह में प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से प्रस्तुतियाँ संयोजित की जाएंगी। संचालक संस्कृति श्री एनपी नामदेव ने बताया कि ज्ञान, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर जीवन में शांति, समृद्धि तथा विश्व के लिए बंधुता का संदेश देने वाले इस समारोह में श्रीलंका के कलाकार लोकनृत्य एवं गायन की प्रस्तुति देंगे तो नृत्य नाटिका के माध्यम से कलाकार भगवान बुद्ध की जीवन कथा एवं आदर्शों को मंच पर जीवंत करते नजर आएंगे।






