नसीमखान सांची
नगर परिषद परिसर में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने हितग्राहियों से किया संवाद।
सांची,,,नगर परिषद परिसर में शुक्रवार को शासन के निर्देशानुसार विशेष जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने की। कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, सीएमओ रामलाल कुशवाहा सहित पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार आयोजित शिविर का उद्देश्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में नागरिकों से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों एवं समस्याओं की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने कहा कि ऐसे जनकल्याण शिविर शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इन आयोजनों के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं की पहचान कर उनका समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं सीएमओ रामलाल कुशवाहा ने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचना आवश्यक है। हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ नवीन योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक नागरिक योजनाओं का लाभ सहज रूप से प्राप्त कर सकें।
जनकल्याण योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के समाधान की पहल से शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर उभरा।





