नसीमखान सांची, रायसेन
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अभी तक जिले के नागरिकों द्वारा दर्ज कराएं गए सुझावों की संख्यात्मक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिक यूसीसी के संबंध में 22 जून तक अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं। आमजन को सुझाव दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
इसी प्रकार जिले में जनकल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण और योजनाओं के हितलाभ वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंडों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ तथा अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।





