नसीम खान
सांची,,,क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने सांची पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गुलगांव के ज्ञानपुरा क्षेत्र स्थित पारदी मोहल्ले में छापेमारी कर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने का खुलासा किया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान कुछ घरों में कच्ची शराब तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से करीब दो हजार लीटर कच्ची शराब बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कराया। वहीं एक अन्य घर में कच्ची शराब तैयार करते हुए आरोपी राधिका मोगिया को शराब से भरी कुप्पी सहित पकड़ा गया। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस को लगातार मुखबिरों से सूचनाएं मिल रही हैं और इसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





