रिपोर्ट : दिलेश्वर सिंह चौहान (छत्तीसगढ़ )
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिर्रा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और पायलटिंग कर रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को बिर्रा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की दिशा में एक कार में गांजा ले जाया जा रहा है, जबकि एक मोटरसाइकिल सवार आगे चलकर वाहन की पायलटिंग कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर इलाके में घेराबंदी की। संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग पैकेटों में रखा हुआ 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।





