नसीम खान
सांची किसान कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम कृषि उपज मंडी समिति परिसर रायसेन में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक होगा।
कृषि विभाग के सांची कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसानों से वर्चुअली सीधा संवाद करेंगे। इसके साथ ही किसानों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं जानकारीपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा जिले के किसानों को कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी दी जाएगी।
महोत्सव में उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी, जल संसाधन विभाग सहित ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नवीन कृषि तकनीक, नवाचार एवं किसान हितैषी गतिविधियों से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा।
विभाग ने जनप्रतिनिधियों एवं किसानों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को बेहतर उत्पादन की दिशा में नई राह दिखाएगी।





