नसीम खान
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाईन, विभागीय योजनाओं तथा अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में कई अधिकारियों द्वारा बेहतर कार्य किया गया है जिसके परिणाम स्वरूप रायसेन जिला सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में पुनः प्रदेश में पहले स्थान पर है, इसके लिए वह बधाई के पात्र है। साथ ही कई विभागों को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने आवासीय पट्टों के प्रकरणों के समीक्षा करते हुए एसडीएम तथा सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रकाशन के उपरांत अनुमोदन हेतु प्रकरण जिला स्तर पर समयसीमा में भेजे जाएं। साथ ही नवीन प्राप्त 1906 आवेदनों का सर्वे शीघ्र पूर्ण कराते हुए पात्र हितग्राहियों के पट्टे तैयार कराने की कार्यवाही की जाए। इसी प्रकार पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए प्रथम किस्त वितरण के लिए निर्धारित लक्ष्य अनुसार 75 प्रतिशत हितग्राहियों को इसी माह लाभान्वित किया जाए। साथ ही द्वितीय चरण और तृतीय चरण के लक्ष्य पूर्ति हेतु शीघ्रता से कार्यवाही की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आागमी 03 अक्टूबर को उदयपुरा क्षेत्र में और 09 अक्टूबर को सिलवानी क्षेत्र में शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में नागरिकों के आवेदनों, समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए। अधिकारी सीएम हेल्पलाईन शिकायतों और लोक सेवा गारंटी में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन पंचायत भवनों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत अप्रारंभ कार्यो को शीघ्र प्रारंभ कराने और संचालित कार्यो को समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने आंगनवाड़ी केन्द्रों के सुचारू संचालन, मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन, तथा निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा। इसी प्रकार जिले में खाद की उपलब्धता तथा किसानों को वितरण, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिलने तथा स्कूल शिक्षा अंतर्गत वन टाइम रजिस्ट्रेशन कार्य कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने एएनसी रजिस्ट्रेशन बढ़ाने, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन, पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सीएमएचओ तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही गंभीर कुपोषित बच्चों के संस्थागत प्रबंधन और नियमित परीक्षण हेतु निर्देश दिए गए। खनिज विभाग और वन विभाग की समीक्षा के दौरान खनिज के अवैध उत्खन्न और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाते हुए संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, रायसेन डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, औबेदुल्लागंज डीएफओ श्री हेमंत रायकवार, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।





