नसीम खान
सांची,, विश्व पर्यटन स्थल सांची में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले बौद्ध वार्षिकोत्सव एवं सांची महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी माह 28 एवं 29 नवंबर को दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही नगर परिषद प्रशासन भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय महत्व के आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए कलेक्टर द्वारा पूर्व में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। इस आयोजन में प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में देश-विदेश से बौद्ध अनुयायी एवं पर्यटक सांची पहुंचते हैं। महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पक्ष भगवान बुद्ध के परम शिष्यों की पवित्र अस्थियों के दर्शन एवं पूजन से जुड़ा है। इस अवसर पर स्तूप परिसर स्थित बौद्ध मंदिर में इन पवित्र अस्थियों को ससम्मान पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा जाता है। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में देश-विदेश के बौद्ध अनुयायियों की उपस्थिति रहती है।
आयोजन के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक एवं पर्यटक शामिल होते हैं। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला प्रशासन के पास रहती है। इस अवसर पर जापान एवं श्रीलंका महाबोधि सोसायटी के प्रधान बिहाराधिपति वानगल उपतिस्स नायक थैरो विशेष रूप से उपस्थित रहते हैं। वहीं सांची महाबोधि सोसायटी के प्रभारी वानगल विमलतिस्स नायक थैरो भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव के दौरान नगर को दुल्हन की तरह सजाया-संवारा जाता है। इसी क्रम में नगर परिषद प्रशासन ने भी अपने स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। नगर की सड़कों के समतलीकरण, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए परिषद का अमला जुटा हुआ है। इसके साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था बनाने तथा दूर-दराज से पहुंचने वाले दुकानदारों को दुकानें लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।
आयोजन के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलित शौचालयों की व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की चौकसी भी बढ़ती दिखाई देने लगी है।
अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब गति पकड़ने लगी हैं। ऐसे में नगरवासियों को भी उम्मीद है कि इस बार सांची महोत्सव की व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले अतिथियों के लिए बेहतर साबित होंगी।





