नसीम खान
रायसेन,
रायसेन जिले के सांची विकासखण्ड के ग्राम रतनपुर में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा शिविर लगाकर किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा सहभागिता की गई। शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा वन पट्टेधारी किसानों के ई-टोकन व्यवस्था अंतर्गत विशेष प्रयोजन में ई-टोकन बुक करने की प्रारंभिक कार्यवाही पूर्ण की गयी। साथ ही सभी कृषकों की सूची बनाकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रायसेन को भूमि अनुमोदन हेतु प्रस्तुत की गयी है। अनुमोदन उपरांत सभी किसानों का ई-टोकन बुक कराते हुये डबललॉक केंद्र रायसेन से नगद में कृषकों को उर्वरक प्रदाय किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सिसोनिया को रतनपुर ग्राम के किसानों द्वारा उर्वरक हेतु ई-टोकन बुक नहीं होने तथा उर्वरक प्राप्त नहीं होने संबंधी समस्या से अवगत कराया गया था। जिस पर कलेक्टर श्री सिसोनिया ने उप संचालक कृषि को रतनपुर में शिविर आयोजित कर किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए थे।





