नसीम खान
सांची,,, जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को सांची महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के गरिमामय एवं भव्य आयोजन हेतु कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने सांची में बैठक लेकर अभी तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां पर्याप्त समय पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में शामिल होने वाले प्रत्येक आगंतुक को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं उत्कृष्ट हों।
बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि सांची महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रृद्धालु, नागरिक शामिल होते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने तथा अस्पताल में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था बढ़ाने के लिए कहा जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को बिना विलंब के उपचार मिल सके। इसी प्रकार आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर को मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच निर्बाध प्रवाह और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति में व्यवस्था बाधित न हो। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष श्री पप्पू रेवाराम अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, महाबोधी सोसायटी से बौद्ध धर्मगुरू और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





