नसीम खान
सांची,,, इस ऐतिहासिक नगरी की राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइट हमेशा शोपीस बनकर रह जाती थी। अब जब ऐतिहासिक बौद्ध वार्षिकोत्सव का आगमन हुआ, तब इस नगर की स्ट्रीट लाइट आनन-फानन में मरम्मत कर चालू कर दी गई, जिससे नगर जगमगा उठा। यह स्ट्रीट लाइट कब तक रोशन होगी, कहा नहीं जा सकता है।जानकारी के अनुसार इस नगर से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर को रोशन करने के लिए लगाई गई लाखों रुपए की स्ट्रीट लाइट हमेशा ही अपनी रोशनी खो बैठती हैं। जब-जब कोई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, तभी यह रोशन हो उठती हैं। अब जब नगर में प्रमुख बौद्ध वार्षिकोत्सव आ रहा है, तब जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ था। इस विशेष कार्यक्रम में हजारों की संख्या में देश-विदेश के लोग जुटेंगे, तब विभाग द्वारा आनन-फानन में स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर चालू कर दिया गया है, जिससे यह नगर जगमगा उठा।
जबकि इस नगर को वार्षिकोत्सव के आने के पहले ही दुल्हन की तरह सजाया-संवारा गया है। नगर भर में बैनर-झंडे पटे पड़े हैं, साफ-सफाई व्यवस्था भी सुचारू बन गई है तथा वार्षिकोत्सव को लेकर जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं तथा बाहर से आने वाले लोगों की व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
परंतु यह नगर रोशन तो हो चुका है, तथा जगमगाहट वार्षिकोत्सव तक ही सिमट कर रह जाएगी या भविष्य में भी यह नगर की जगमगाहट बरकरार रहेगी, कहना मुश्किल लगता है। फिलहाल नगर को ऐतिहासिक स्थल के रूप में सजाया-संवारा जा चुका है।





