राजर्षि मिश्रा उमरिया
अमरपुर (उमरिया)। मानसून के सक्रिय होते ही बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, टूटे या झूलते बिजली के तारों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थित विद्युत उपकरणों के पास जाने से बचें, क्योंकि करंट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
चौकी प्रभारी ने कहा कि यदि किसी कारणवश बिजली का मेन स्विच या अन्य विद्युत उपकरण चालू या बंद करना आवश्यक हो, तो रबर की चप्पल या जूते पहनकर ही यह कार्य करें। गीले हाथों से स्विच, बोर्ड या किसी भी बिजली के उपकरण को छूने से बचें। उन्होंने बच्चों को बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों के आसपास खेलने से रोकने तथा पशुओं को भी इन स्थानों से दूर रखने की सलाह दी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे, ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हो रही हो या कोई अन्य विद्युत खतरा नजर आए, तो तत्काल बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दें। जब तक संबंधित विभाग मौके पर न पहुंचे, तब तक कोई भी व्यक्ति उस स्थान के पास न जाए और दूसरों को भी दूर रहने के लिए जागरूक करें।
चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने कहा कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी सावधानी आपकी और आपके परिवार की जिंदगी बचा सकती है। बारिश के मौसम में जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी विद्युत खतरे की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।”





