नसीम खान
सांची,,,करीब तीस से अधिक गांवों के लोगों को रेलवे गेट से निजात दिलाने और सांची से उदयगिरि पर्यटन स्थल तक आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्मित ओवरब्रिज अब बदहाल स्थिति में पहुंचता दिखाई दे रहा है। ब्रिज की सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, वहीं कई स्थानों पर गड्ढों से सरिया तक बाहर निकल आया है। इसके बावजूद इसकी मरम्मत और रखरखाव की ओर संबंधित विभाग अथवा निर्माण एजेंसी का ध्यान नहीं पहुंच सका है।
जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पूर्व निर्मित इस ओवरब्रिज से क्षेत्र के तीस से अधिक गांवों के ग्रामीणों सहित किसानों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिली थी। साथ ही सांची आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए उदयगिरि की प्राचीन गुफाओं तक पहुंचना भी आसान हुआ है। लेकिन वर्तमान में ब्रिज की सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। गड्ढों से सरिया बाहर निकल आने के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका के बीच सावधानीपूर्वक निकलना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि बारिश के दौरान ओवरब्रिज पर पानी भर जाता है। ब्रिज पर बारिश के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने तथा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इस मार्ग से लगातार छोटे-बड़े और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही भी होती है।
क्षेत्र के किसानों सहित ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से उन्हें रेलवे गेट की समस्या से राहत मिली थी, लेकिन वर्तमान में सड़क की बदहाली परेशानी का कारण बन रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से ब्रिज का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने, बाहर निकले सरिये को सुरक्षित करने तथा बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
रेलवे लाइन के ऊपर से लगातार वाहनों की आवाजाही और नीचे से ट्रेनों के गुजरने वाले इस महत्वपूर्ण ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय रहते ध्यान दिया जाना जरूरी हो गया है।





