नसीम खान
सांची,,,,खेतों में खड़ी धान और सोयाबीन की फसलों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से परेशान किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली कटौती से नाराज क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने बिजली दफ्तर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों किसानों के खेतों में धान और सोयाबीन की फसलें खड़ी हैं। ऐसे समय में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिदिन दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है, लेकिन इसके बावजूद लगातार बिजली कटौती होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय पर बिजली नहीं मिलने से फसलों पर संकट गहराने की आशंका है।
अधिकारियों को मौके पर बुलाया
बिजली कटौती के विरोध में किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाइश दी तथा बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग रखी। इसके बाद प्रभारी मंडल अधिकारी संजय पटेल मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त तहसीलदार ने उन्हें बिजली व्यवस्था सुचारु बनाने और किसानों को निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पर बिजली विभाग के प्रभारी अधिकारी ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। विभाग की ओर से बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू किए जाने की जानकारी भी दी गई।
फसल तैयार होने तक बिजली देने का आश्वासन
अतिरिक्त तहसीलदार सुरेश सिंह ने कहा कि किसानों ने बिजली नहीं मिलने की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा है। बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर किसानों को प्रतिदिन दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बिजली व्यवस्था सुचारु बनाने का काम शुरू करने की जानकारी दी है।
वहीं, बिजली विभाग के प्रभारी अधिकारी संजय पटेल ने बताया कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। किसानों को रात में आठ घंटे और दिन में दो घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। फसल तैयार होने तक किसानों को सुचारु रूप से बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
ये किसान रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में जवाहर सिंह चौहान, वीरेंद्र तोमर, राजबहादुर सिंह राणा, बद्री प्रसाद राणा, बाबू सिंह राजपूत, तेज सिंह राजपूत, राजेंद्र सिंह राजपूत, सीताराम पटेल, अंशु राजपूत, नरेंद्र वर्मा, शिवेंद्र सिंह राजपूत, कुअंर सिंह राजपूत, भूपेंद्र सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
फसलों की तैयारी के निर्णायक समय में किसानों को पर्याप्त बिजली मिलना जरूरी है। अब देखना यह है कि बिजली विभाग का आश्वासन किसानों की समस्या को कितनी जल्दी दूर कर पाता है।





