नसीम खान
सांची,,,विश्वविख्यात बौद्ध नगरी सांची में 74वें बौद्ध वार्षिकोत्सव एवं सांची महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को वार्षिकोत्सव के अवसर पर भगवान गौतम बुद्ध के परम शिष्यों सारिपुत्र और महामोद्गलायन की पवित्र अस्थियों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात इन्हें स्तूप परिसर स्थित बौद्ध मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा जाएगा। इस विशेष आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। पवित्र अस्थियों के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार स्तूप परिसर स्थित बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध के परम शिष्यों की पवित्र अस्थियों को जिला प्रशासन की उपस्थिति में जापान से आए महाबोधि सोसायटी श्रीलंका के प्रमुख बिहाराधिपति वानगल उपतिस्स नायक थैरो तथा सांची महाबोधि सोसायटी के प्रमुख वानगल विमलतिस्स नायक थैरो की उपस्थिति में निकाला जाएगा। इसके बाद परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी तथा पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुराधा शंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
ढाई हजार साल पुरानी विरासत का अंतरराष्ट्रीय आकर्षण।
सांची केवल बौद्ध धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल ही नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत का अनुपम उदाहरण भी है। यहां स्थित महान स्तूप का निर्माण मौर्य सम्राट अशोक के काल में कराया गया था। लगभग ढाई हजार वर्ष से अधिक पुरानी यह ऐतिहासिक धरोहर आज भी भारतीय स्थापत्य कला और बौद्ध दर्शन की गौरवगाथा प्रस्तुत करती है। सांची के स्तूपों, तोरण द्वारों और प्राचीन स्मारकों पर उकेरी गई कलाकृतियां भगवान बुद्ध के जीवन, उपदेशों और जातक कथाओं को दर्शाती हैं। यही विशिष्टता सांची को विश्व पर्यटन के मानचित्र पर अलग पहचान दिलाती है।
सांची का प्रसिद्ध महान स्तूप भारतीय दो सौ रुपये के करेंसी नोट के पीछे भी अंकित है। इससे देशभर में ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर इस ऐतिहासिक धरोहर की पहचान और आकर्षण को विशेष स्थान मिला है। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल सांची के स्मारक भारतीय इतिहास और बौद्ध संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं।
महोत्सव के लिए सजी ऐतिहासिक नगरी।
आयोजन को लेकर नगर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रमुख मार्गों और बाजारों में बैनर एवं सजावट दिखाई देने लगी है। दूर-दराज से आए छोटे-बड़े व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।
वार्षिकोत्सव के पहले दिन पवित्र अस्थियों की पूजा-अर्चना, स्तूपों की परिक्रमा और श्रद्धालुओं के दर्शन का कार्यक्रम रहेगा। वहीं दूसरे दिन रविवार को जम्बूद्वीप पार्क में देश-विदेश से आए कलाकारों की सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियों के साथ कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव में पर्यटकों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज भी निर्धारित किए गए हैं। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए निशुल्क जलपान एवं भोजन के स्टॉल लगाए जाएंगे। स्तूपों के दर्शन भी निशुल्क रहेंगे।
आस्था, इतिहास और संस्कृति का संगम।
दो दिवसीय यह आयोजन सांची की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। पवित्र अस्थियों के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ एक बार फिर विश्वविख्यात सांची को बौद्ध आस्था और शांति के प्रमुख केंद्र के रूप में रेखांकित करेगी।





