नसीम खान
सांची,,,विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या अब आम नागरिकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर की प्रमुख सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जहां आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद पुलिस और नगर परिषद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है।
जानकारी के अनुसार सांची विश्व ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। नगर में संचालित होटल और लॉज में ठहरने वाले पर्यटकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण उनके वाहन सड़कों पर ही बेतरतीब खड़े कर दिए जाते हैं। इसका खामियाजा स्थानीय नागरिकों के साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी भुगतना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें वाहनों से घिरी रहने के कारण पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
विडंबना यह है कि पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था के नाम पर होटल और लॉज संचालकों का कारोबार तो लगातार जारी है, लेकिन उनके यहां आने वाले वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी को लेकर कोई गंभीरता दिखाई नहीं देती। आखिरकार इन वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या इसका पूरा बोझ नगर की सार्वजनिक सड़कों और आम नागरिकों पर डाल दिया जाएगा?
दूसरी ओर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। नगर में समय-समय पर फ्लैग मार्च निकालकर अपनी सक्रियता प्रदर्शित करने वाला पुलिस अमला सड़कों पर कब्जा जमाए खड़े वाहनों के मामले में प्रभावी कदम उठाता नजर नहीं आता। लंबे समय से बनी इस समस्या पर कार्रवाई का अभाव नागरिकों के मन में कई सवाल खड़े कर रहा है। वहीं नगर परिषद प्रशासन की अनदेखी भी समझ से परे है। सार्वजनिक सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों से उत्पन्न परेशानी पर आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ रही?
सबसे चिंताजनक स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े क्षेत्रों में दिखाई देती है, जहां रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में सड़क पर खड़े वाहन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे में पार्किंग की अव्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था की कमी मिलकर किसी गंभीर हादसे को आमंत्रण दे सकती है।
सांची जैसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले पर्यटन स्थल पर यातायात और पार्किंग की ऐसी बदहाल स्थिति नगर की छवि को प्रभावित कर रही है। सवाल यह है कि जब समस्या लंबे समय से सबके सामने है, तब भी पुलिस और नगर परिषद प्रशासन आंखें मूंदकर क्यों बैठे हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार विभागों की नींद टूटेगी?
अब आवश्यकता केवल आश्वासनों की नहीं, बल्कि सड़कों को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराने के लिए ठोस कार्रवाई की है। अन्यथा विश्व प्रसिद्ध सांची की पहचान के बीच अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था भी उसकी एक कड़वी पहचान बनती चली जाएगी।





