नसीम खान
सांची,,,,नगर में इन दिनों लगातार हो रही बारिश के बाद मच्छरों और जहरीले कीड़ों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। हर गली-मोहल्ले में मच्छरों की भरमार है, जिससे नगरवासी परेशान हैं। मच्छरों के कारण मलेरिया, डेंगू और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कई वार्डों में लोग बुखार और बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं।
लगातार बारिश से जगह-जगह पानी जमा होने के कारण मच्छरों को पनपने का अनुकूल माहौल मिल गया है। इसके साथ ही बरसात में निकलने वाले जहरीले कीड़े भी घरों में घुसने लगे हैं। स्थिति को देखते हुए नगरवासियों द्वारा लंबे समय से नगर परिषद से कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और फॉगिंग की मांग की जा रही थी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आखिरकार नगर परिषद प्रशासन की नींद टूटी तथा कीटनाशक दवाओं का छिडकाव फोगिंग मशीन के माध्यम से चलाकर नगर में सघन फॉगिंग अभियान शुरू किया गया। फॉगिंग मशीनों से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया, जिसके चलते पूरा नगर धुएं से धुआं-धुआं नजर आया। शाम के समय हुए इस छिड़काव से लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर परिषद के कर्मचारियों ने बताया कि पहले चरण में वार्ड क्रमांक 1 से 8 तक फॉगिंग की गई है। अब प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार शेष सभी वार्डों में क्रमवार कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी दवाओं का छिड़काव कर लार्वा को नष्ट किया जाएगा।
अभियान शुरू होने से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही मच्छरों और बीमारियों से निजात मिलेगी।





